अवर अभियंता मुकेश कुमार को क्षेत्र में सही निर्माण करने की दी सलाह, निर्माण ठेकेदारों को दी चेतावनी
नगर निगम में खराब सड़क निर्माण पर ठेकेदारों पर पैनल्टी, भुगतान रोका
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने लोहामंडी जोनल कार्यालय में लंबित मामलों पर भी जताई नाराजगी, जेडओ चंद्र प्रकाश सिंह को जोन से हटाया मुख्यालय से किया संबद्ध
आगरा। सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खराब गुणवत्ता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों पर पैनाल्टी लगाने, भुगतान रोकने के साथ ही सड़क का पुनर्निर्माण कराने के निर्देश नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने दिए हैं। नगर आयुक्त गुरुवार को लोहामंडी जोनल कार्यालय का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान वार्ड 18 की पार्षद रेखा भास्कर ने भीमनगर क्षेत्र में हाल ही में बनाई गई सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने पार्षद के साथ मौके पर जाकर सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में कई कमियां सामने आईं।
नगर आयुक्त ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराई जाए और मानकों के अनुरूप कार्य नहीं मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटिया निर्माण कार्य का भुगतान नहीं किया जाएगा। साथ ही खराब सड़क को दोबारा मानकों के अनुरूप बनवाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।
जोनल कार्यालय के पिछले हिस्से में गंदगी पर नाराजगी
इससे पहले नगर आयुक्त ने लोहामंडी जोनल कार्यालय का निरीक्षण किया। कार्यालय के पिछले हिस्से में गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही के लिए जेडएसओ मनोज पाल और संबंधित एसएफआई से स्पष्टीकरण तलब किया जाए। सफाई कर्मियों के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने की जानकारी मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मियों को अंतिम चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कार्यालय में जन्म-मृत्यु पंजीकरण से संबंधित रजिस्टरों की भी जांच की। उन्होंने संबंधित पटल पर कार्यरत कर्मचारियों से लंबित प्रकरणों के बारे में जानकारी ली। बड़ी संख्या में फार्म लंबित पाए जाने पर उन्होंने इसकी वजह पूछी। लंबित फार्मों की स्थिति के संबंध में जेडओ स्पष्ट जानकारी नहीं दे सके, जिस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए।

लापरवाही पर जेडओ को मुख्यालय से संबद्ध करने के आदेश
निरीक्षण के दौरान टैक्स विभाग में भी बड़ी संख्या में मामले लंबित मिले। लंबित मामलों के निस्तारण की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने लोहामंडी जोन के जेडओ सीपी सिंह को मुख्यालय से संबद्ध करने के आदेश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि जन्म-मृत्यु पंजीकरण और टैक्स से जुड़े मामलों को लंबित रखने की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन्म-मृत्यु तथा टैक्स संबंधी लंबित मामलों की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाए और इसकी प्रगति रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। आम नागरिकों से जुड़े इन कार्यों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। नगर आयुक्त ने अधिकारियों के साथ जनकपुरी क्षेत्र का भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



