शिव शंकर परिक्रमार्थियों के लिए दूरस्थ हुई आगरा शहर की सभी सड़के दिन और रात लगे रहे आगरा नगर निगम की निर्माण के अभियंता
नगर परिक्रमा के लिए रात-दिन जुटा नगर निगम, कैलाश मंदिर से पृथ्वीनाथ मंदिर तक चाक-चौबंद होंगी व्यवस्थाएं
परिक्रमा मार्ग पर सफाई, रोशनी और गड्ढों की मरम्मत तेज, सीएम ग्रिड वाले हिस्सों में बालू बिछाकर बनाया जा रहा रास्ता
नगर आयुक्त और महापौर परिक्रमार्थियों पर पुष्प वर्षा कर करेंगे स्वागत
आगरा। सावन के सोमवार को शहर में निकलने वाली नगर परिक्रमा को लेकर नगर निगम प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। शिवभक्तों और परिक्रमार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कैलाश मंदिर, वनखंडी, बल्केश्वर, राजेश्वर, रावली और पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर को जोड़ने वाले परिक्रमा मार्ग पर दिन-रात व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। सफाई से लेकर प्रकाश व्यवस्था, सड़क के गड्ढों की मरम्मत, बैरीकेडिंग और श्रद्धालुओं के विश्राम तक के इंतजाम किए जा रहे हैं।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देशन में नगर निगम के चारों जोन में अभियंताओं और सैकड़ों सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव और मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम लगातार परिक्रमा मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों को मौके पर कमियां मिलने पर तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

सीएम ग्रिड वाले हिस्सों में बालू से बनाया जा रहा रास्ता
परिक्रमा मार्ग के जिन हिस्सों में सीएम ग्रिड परियोजना का काम चल रहा है, वहां शिवभक्तों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए यमुना की बालू बिछाई जा रही है। ऊबड़-खाबड़ और कच्चे हिस्सों को समतल करने के साथ सड़क के गड्ढों को भी भरवाया जा रहा है, जिससे सोमवार को बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को पैदल चलने में परेशानी न हो।

पार्वती घाट और कैलाश पर बैरीकेडिंग, रावली में भी सुरक्षा इंतजाम
कैलाश और बल्केश्वर मंदिर स्थित पार्वती घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बल्लियों से बैरीकेडिंग कराई जा रही है। घाट की ओर जाने वाले हिस्सों को व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि भीड़ के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। रावली महादेव मंदिर पर भी श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित रखने के लिए बल्लियां लगाई जा रही हैं।
विश्राम के लिए पंडाल, मिलेगी चाय
नगर निगम की ओर से परिक्रमा मार्ग में परिक्रमार्थियों के आराम के लिए पंडाल भी लगाया जा रहा है। यहां श्रद्धालुओं के बैठने और कुछ देर विश्राम करने की व्यवस्था रहेगी। पंडाल में परिक्रमार्थियों को चाय आदि उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जा रही है। नगर निगम का प्रयास है कि लंबी दूरी की परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को रास्ते में राहत मिल सके।
मंदिरों पर डस्टबिन और अर्पण कलश
परिक्रमा मार्ग के साथ-साथ प्रमुख शिव मंदिरों पर भी सफाई व्यवस्था को बेहतर किया जा रहा है। मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखे जा रहे हैं। पूजा सामग्री को सड़क और घाटों पर फेंकने से रोकने के लिए अर्पण कलश की व्यवस्था भी की जा रही है। सफाई कर्मचारियों को लगातार निगरानी रखने और कूड़ा दिखाई देने पर तत्काल उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
बल्केश्वर मंदिर पर परिक्रमार्थियों पर होगी पुष्प वर्षा
नगर परिक्रमा में शामिल होने वाले शिवभक्तों के स्वागत के लिए नगर निगम की ओर से विशेष तैयारी की जा रही है। बल्केश्वर मंदिर के पास नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य और महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह द्वारा परिक्रमार्थियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन की ओर से इसे लेकर भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
कर दोपहर तक पूरी होंगी व्यवस्थाएं
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि नगर परिक्रमा को लेकर नगर निगम के सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। सफाई, प्रकाश, सड़क, बैरीकेडिंग और श्रद्धालुओं के विश्राम समेत सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परिक्रमा शुरू होने तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। मार्ग पर तैनात टीमें लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।
यह कहा नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने
नगर परिक्रमा को लेकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। परिक्रमा मार्ग पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था के साथ सड़क के गड्ढे भरवाए जा रहे हैं। जहां सीएम ग्रिड का काम चल रहा है, वहां श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए बालू बिछाई जा रही है। घाटों पर सुरक्षा के लिए बैरीकेडिंग, विश्राम के लिए पंडाल और मंदिरों पर डस्टबिन व अर्पण कलश की व्यवस्था की जा रही है। हमारा प्रयास है कि नगर परिक्रमा में शामिल होने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलें।

