आगरा नगर निगम की ओर से होगी प्रकाश और सफाई व्यवस्था दुरुस्त नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बैठक में दिए अधीनस्थों को निर्देश
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने प्रसिद्ध जनकपुरी आयोजन की तैयारी में लग जाने की कही बात
6 7 8 अक्टूबर को आगरा में सजेगा भव्य और अलौकिक माता जानकी का दरबार
हजारों की तादात में आगरा की जनता करेगी जनकपुरी महोत्सव का अवलोकन
कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट भावना स्टेट तक चमकेंगे रास्ते,
जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने कसी कमर
समय से पूर्व सफाई से लेकर प्रकाश और सीवर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
आगरा। जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने कमर कस ली है। इस बार कावेरी कौस्तुभ अपार्टमेंट, भावना स्टेट में आयोजित होने जा रहे जनकपुरी महोत्सव को लेकर नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने सोमवार को आयोजन समिति के पदाधिकारियों और नगर निगम व जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ कार्यकारिणी हाल में बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महोत्सव से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर आयुक्त ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव शहर का प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है। आयोजन स्थल तक आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से विशेष अभियान चलाएं। उन्होंने सड़कों की मरम्मत, नाले-नालियों एवं सीवर व्यवस्था को दुरुस्त करने, मार्गों की साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मार्ग में आने वाले डिवाइडरों की मरम्मत कराने के साथ उनकी रंगाई-पुताई कराने को भी कहा। इसके अलावा सड़क किनारे खड़े पेड़ों की आवश्यकतानुसार छंटाई कराई जाए, जिससे यातायात में किसी प्रकार की बाधा न आए और मार्ग भी व्यवस्थित दिखाई दे। नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्यों को आपस में समन्वय बनाकर पूरा किया जाए और किसी भी विभागीय लापरवाही के कारण आयोजन की तैयारियों में देरी नहीं होनी चाहिए।
बैठक के दौरान जनकपुरी आयोजन समिति के अध्यक्ष राजीव कुमार ने नगर आयुक्त को मांगपत्र सौंपकर महोत्सव को देखते हुए क्षेत्र में नगर निगम की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद कराने की मांग की। समिति की ओर से सफाई, प्रकाश, सड़क, सीवर सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कराने पर जोर दिया गया। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन स्थल और वहां तक पहुंचने वाले मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनकपुरी महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए सफाई और यातायात मार्गों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरान बैठक में नगर निगम की ओर से सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम, प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम, क्षेत्रीय जेडएसओ और एसएफआई , जलकल महाप्रबंधक कुमार गौरव के अलावा आयोजन समिति की ओर से मुख्य संरक्षक संतोष कटारा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य समन्वयक मनोज बंसल, जनकपुरी क्षेत्र निर्माण समिति के अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय पार्षद वेद प्रकाश पार्षद सुनील शर्मा आदि भी उपस्थित रहे।

