आगरा शिक्षक MLC चुनाव में तीन बूथों पर पुनर्मतदान हुआ मतदान, भारी पुलिस बल तैनात
आगरा। आगरा खंड शिक्षक विधान परिषद सदस्य (MLC) चुनाव को लेकर आज तीन मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान शुरू हो गया है। फतेहाबाद, सैंया और खेरागढ़ के तीन बूथों पर सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई, जो शाम 4 बजे तक चलेगी। पुनर्मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दरअसल, शिक्षक MLC चुनाव के दौरान मतपत्रों से छेड़छाड़ की शिकायत सामने आई थी। इस मामले में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग ने तीन बूथों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला लिया। इसी निर्णय के तहत आज संबंधित मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है।
तीनों बूथों पर कुल 2,346 मतदाताओं के लिए दोबारा वोट डालने की व्यवस्था की गई है। मतदान प्रक्रिया पर प्रशासन और चुनाव अधिकारियों की नजर बनी हुई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
पुनर्मतदान के दौरान मतदाताओं से निर्धारित समय के भीतर मतदान करने की अपील की गई है। चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने और मतदाताओं को निष्पक्ष तरीके से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने का अवसर देने के लिए प्रशासन सतर्क है।
वहीं, शिक्षक MLC चुनाव के नतीजों को लेकर भी तैयारी चल रही है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से 12 जिलों में मतगणना शुरू होगी। मतगणना के बाद प्रत्याशियों के चुनावी भविष्य का फैसला होगा।
फिलहाल, आगरा के तीन बूथों पर हो रहे पुनर्मतदान पर सभी की निगाहें टिकी हैं। अब देखना होगा कि पुनर्मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव के नतीजे किसके पक्ष में जाते हैं।

