आगरा नगर निगम में स्वच्छता कर्मियों को मिला स्वास्थ्य का संबल, चारो जोन में 512 कर्मियों की हुई स्वास्थ्य की जांच

आगरा। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम प्रशासन की ओर से शहर के चारों जोन में सफाई कर्मियों के लिए स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में सफाई कार्य में जुटे कर्मचारियों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना रहा। नगर निगम प्रशासन के निर्देशन में आयोजित इन स्वास्थ्य शिविरों में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने कर्मचारियों की जांच की तथा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया। जांच के दौरान जिन कर्मचारियों को दवाओं की जरूरत थी, उन्हें मौके पर ही निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं। नगर निगम के चारों जोन में आयोजित शिविरों में कुल 512 सफाई कर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। ताजगंज जोन में 104, लोहामंडी जोन में 58, छत्ता जोन में 200 और हरीपर्वत जोन में 150 सफाई कर्मियों की जांच की गई। अभियान के दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव वर्मा के साथ नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे तथा शिविरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने सफाई कर्मियों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि शहर को स्वच्छ रखने में सफाई कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की देखभाल और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना भी प्राथमिकता में शामिल है। स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत आयोजित इन शिविरों के माध्यम से सफाई कर्मियों को एक ही स्थान पर जांच, चिकित्सकीय परामर्श और निशुल्क दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई।