लैंडिंग के दौरान भिड़े दो हेलिकॉप्टर, एक की मौत और तीन घायल
नेपाल के एवरेस्ट क्षेत्र में दो हेलिकॉप्टरों की टक्कर, भारतीय पर्यटक की मौत
दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट के करीब आसमान में ऐसा हादसा हुआ, जिसने हर किसी को दहला दिया! लैंडिंग की कोशिश कर रहे दो हेलिकॉप्टर अचानक आपस में टकरा गए। इस दर्दनाक हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड के नागरिक समेत तीन लोग घायल हो गए।
दरअसल, हादसा मंगलवार सुबह करीब 8 बजकर 11 मिनट पर नेपाल के सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे हेलीपैड पर हुआ। यहां फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलिकॉप्टर लैंडिंग कर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए और बड़ा हादसा हो गया।
हादसे में तमिलनाडु के चेन्नई निवासी 47 वर्षीय वसंत कुमार बालारामारामाडु की जान चली गई। वहीं न्यूजीलैंड के नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल और दोनों हेलिकॉप्टरों के पायलट घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों पायलटों के बीच आपसी तालमेल की कमी हादसे की संभावित वजह हो सकती है। हालांकि, दुर्घटना के असली कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
एवरेस्ट क्षेत्र में हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में हेलिकॉप्टर उड़ानों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

