गंदगी हटाने के लिए खून से लिखी चिट्ठी, शिकायत के बाद भी नहीं हटी गंदगी,ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
ये तस्वीरें हैं आगरा के एत्मादपुर तहसील स्थित खंदौली ब्लॉक की... जहां गंदगी के खिलाफ लोगों का गुस्सा अब आंदोलन में बदलता दिखाई दे रहा है।
ग्राम पंचायत चौकड़ा के ग्रामीणों का आरोप है कि शिव मंदिर के पास और ब्लॉक के सामने स्थित शहीद स्मारक के आसपास महीनों से कूड़े-कचरे का ढेर लगा हुआ है।
हालात ऐसे हैं कि बदबू और मच्छरों के कारण लोगों का यहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार ब्लॉक अधिकारियों, ग्राम पंचायत सचिव और तहसील दिवस में लिखित शिकायतें दीं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
जब बार-बार शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई... तो नाराज ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम अपने खून से पत्र लिखकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि लापरवाही बरतने वाले ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल निलंबित किया जाए और जिम्मेदार ब्लॉक अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी भी दी है कि यदि तय समय तक गंदगी साफ नहीं हुई, तो वे दोबारा खून से पत्र लिखकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित हैं, जबकि जमीनी स्तर पर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
हालांकि, इस पूरे मामले में ब्लॉक प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल, खून से लिखा गया यह विरोध पत्र चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की मांगों पर कितना जल्दी कार्रवाई करता है और खंदौली ब्लॉक के बाहर फैली गंदगी से लोगों को कब राहत मिलती है।

