आगरा कमला नगर में खुला प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र, 50 से 90% तक कम कीमत पर मिलेंगी दवाइयां
जन औषधि ग्राहकों के लिए ECG जांच की सुविधा भी निःशुल्क, उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के गणमान्य लोग रहे मौजूद
आगरा। कमला नगर क्षेत्र के सुभाष नगर चौराहा, ब्रिज बिहार रोड पर आमजन को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराने की दिशा में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का भव्य शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन महानगर उपाध्यक्ष नीरज गुप्ता ने किया। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोगों और स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर केंद्र संचालक को शुभकामनाएं दीं।
केंद्र संचालक विपिन शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि योजना के तहत केंद्र पर विभिन्न आवश्यक दवाइयां बाजार की कीमतों की तुलना में 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य आम लोगों को बेहतर गुणवत्ता वाली आवश्यक दवाइयां किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है, ताकि महंगी दवाइयों के कारण लोगों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम किया जा सके।
जन औषधि ग्राहकों को मिलेगी निःशुल्क ECG जांच
इस केंद्र की एक विशेष पहल के तौर पर जन औषधि ग्राहकों के लिए ECG जांच निःशुल्क उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है। इससे क्षेत्रवासियों को दवाइयों के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी एक ही स्थान पर मिल सकेगी।
उद्घाटन अवसर पर डॉ. शिल्पी पाठक, प्रमोद पाठक, जितेंद्र चाहर, रेहान, लाल सिंह, राजेश सहित अनेक गणमान्य लोग एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने केंद्र की शुरुआत का स्वागत करते हुए कहा कि कम कीमत पर दवाइयां और निःशुल्क ECG जांच जैसी सुविधा क्षेत्र के लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।
केंद्र संचालक विपिन शर्मा ने कहा कि केंद्र का उद्देश्य केवल दवाइयां उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि आमजन को स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करते हुए किफायती स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान बनाना भी है।
कमला नगर क्षेत्र में जन औषधि केंद्र के शुभारंभ से स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि उन्हें आवश्यक दवाइयां कम कीमत पर उपलब्ध होंगी और स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी आसानी से मिल सकेगी।

