टोरेंट पावर मनमानी बिलिंग और बिज़ली व्यवस्था के खिलाफ डीएम को सौंपा ज्ञापन, लोगों में भयंकर गुस्सा
जिलाधिकारी मनीष बंसल को ज्ञापन सौंपकर टोरेंट पावर की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए और कंपनी के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भीषण गर्मी के इस दौर में बिना किसी पूर्व सूचना के कई-कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित की जा रही है। इससे आम नागरिकों, व्यापारियों, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन कंपनी की ओर से न तो कोई पूर्व सूचना दी जाती है और न ही संतोषजनक जवाब मिलता है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि बिजली चोरी रोकने के नाम पर टोरेंट पावर की टीमें देर रात और आधी रात को छापेमारी कर रही हैं, जिससे आम नागरिकों में भय और असंतोष का माहौल बना हुआ है।
इसके अलावा उपभोक्ताओं ने बिजली बिलों में ईंधन शुल्क और अन्य मदों के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूले जाने का भी आरोप लगाया। लोगों का कहना है कि पहले से बढ़े हुए बिजली बिलों के बीच इस तरह के अतिरिक्त शुल्क उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ा रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कई मामलों में बकाया बिल होने पर बिना पर्याप्त पूर्व सूचना दिए बिजली कनेक्शन काट दिए जाते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन सौंपने वालों ने प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाए और उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
अब देखना होगा कि प्रशासन इन शिकायतों पर क्या कार्रवाई करता है और टोरेंट पावर की ओर से इन आरोपों पर क्या जवाब सामने आता है।
OUTRO:
भीषण गर्मी के बीच बिजली व्यवस्था को लेकर बढ़ती शिकायतों ने एक बार फिर बिजली आपूर्ति और उपभोक्ता सुविधाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

