आरोपी ने पुलिसकर्मियों को किया ताले में बंद चोरी का माल बरामद करने गई थी
चोरी का माल बरामद करने पहुंची पुलिस... लेकिन कुछ ही देर में पुलिसकर्मी खुद बंधक बन गए।
अलीगढ़ से सामने आया ये मामला पुलिस महकमे में हड़कंप मचाने वाला है।
रोरावर थाना क्षेत्र में करीब 20 लाख रुपये की चोरी के मामले में कस्टडी रिमांड पर लिए गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम उसके घर पहुंची थी। मकसद था चोरी का माल बरामद करना।
पुलिस टीम में रोरावर थाने के क्राइम इंस्पेक्टर अनुज कुमार शर्मा और दो आरक्षी शामिल थे। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी के माता-पिता ने पुलिसकर्मियों का विरोध शुरू कर दिया।
आरोप है कि आरोपी की मां राजबाला और पिता संजय शर्मा ने मौका पाकर क्राइम इंस्पेक्टर समेत तीनों पुलिसकर्मियों को घर के एक कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगा दिया।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी करीब आधे घंटे तक कमरे में बंद रहे। इस दौरान पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स मौके पर भेजी गई।
लोधा, सासनी गेट और देहली गेट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सीओ नगर प्रथम संजीव कुमार और एसपी सिटी आदित्य बंसल भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने कमरे का ताला तोड़ा और अंदर बंद तीनों पुलिसकर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के माता-पिता को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने ले जाया गया।
वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया माल भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के माता-पिता ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए सरकारी काम में बाधा डाली। इसी मामले में रोरावर इंस्पेक्टर की ओर से राजबाला और संजय शर्मा के खिलाफ काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है। जिस आरोपी से चोरी का माल बरामद करने पुलिस पहुंची थी, उसी के घर पुलिसकर्मियों को कमरे में बंद किए जाने से मामला और गंभीर हो गया।
अब पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ-साथ यह भी पता लगा रही है कि पुलिस टीम के साथ बंधक बनाने की स्थिति आखिर कैसे बनी और इस मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

