दलितों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस बनाएगी मजबूत लीगल टीम: मेघा सेहरा
संवाद
आगरा। ताजनगरी में अधिवक्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें राजनीतिक और सामाजिक न्याय पर गहरा मंथन हुआ। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (अनुसूचित जाति विभाग) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम के मार्गदर्शन में संपन्न हुईl इस बैठक में दलितों और वंचितों के अधिकारों की रक्षा के लिए जिला स्तर पर एक सशक्त लीगल टीम विकसित करने का संकल्प लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय समन्वयक (एआईसीसी-एससी विभाग) एडवोकेट मेघा सेहरा ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा हमेशा से समावेशी रही है। उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा बनाए गए श्रम कानून और संवैधानिक सुरक्षा तंत्र आज भी हमारे समाज की नींव हैं। सेहरा ने जोर देकर कहा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक अधिवक्ताओं ने समाज को दिशा देने में अहम भूमिका निभाई है।
वर्तमान समय में समाज में व्याप्त भेदभाव और घृणा को समाप्त करने के लिए वकीलों को आगे आना होगा। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस और अनुसूचित जाति विभाग के माध्यम से एक ऐसा कानूनी सहायता तंत्र तैयार किया जा रहा है, जो समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को त्वरित न्याय दिला सके।बैठक में राहुल गांधी के विजन और राजेंद्र पाल गौतम के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जिसने महिला आरक्षण जैसे ऐतिहासिक मुद्दों को सबसे पहले उठाया। बैठक में मौजूद अधिवक्ताओं ने एक सुर में दलित समाज के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ संगठित होकर विधिक लड़ाई लड़ने का समर्थन किया।इस अवसर पर बड़ी संख्या स्थानीय अधिवक्ता मौजूद रहे l