आगरा पुलिस को मिला CPR और हेल्थ ट्रेनिंगस्वस्थ प्रहरी–सशक्त पुलिस अभियान का आयोजन
आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी और आगरा पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में 'आगरा मूव्स बेटर–2026' अभियान के तहत 'स्वस्थ प्रहरी–सशक्त पुलिस' कार्यक्रम पुलिस लाइन्स स्थित प्रशांत मेमोरियल हॉल में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को आपातकालीन जीवनरक्षक तकनीक सीपीआर, सही कार्य-मुद्रा यानी वर्कप्लेस एर्गोनॉमिक्स, तथा हड्डियों और जोड़ों की सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
विशेषज्ञ डॉ. रजनीश मिश्रा ने पुलिसकर्मियों को सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया और बताया कि हृदय गति रुकने जैसी आपात स्थिति में समय पर दिया गया सीपीआर किसी भी व्यक्ति की जान बचा सकता है।
वहीं, आगरा ऑर्थोपेडिक सोसाइटी के सचिव डॉ. संजय चतुर्वेदी ने लंबे समय तक खड़े रहने, गश्त करने, वाहन चलाने, कंप्यूटर पर कार्य करने और भारी सामान उठाने के दौरान सही कार्य-मुद्रा अपनाने के तरीके बताए। उन्होंने नियमित स्ट्रेचिंग और छोटे-छोटे ब्रेक लेने की सलाह भी दी।
कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल, डीसीपी अली अब्बास, डीसीपी अलका सारस्वत और एसीपी राम प्रवेश गुप्ता सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों और विशेषज्ञों ने पुलिसकर्मियों के सवालों के जवाब दिए और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य, नियमित व्यायाम, सही कार्य-मुद्रा और सुरक्षित कार्य-पद्धति अपनाने की शपथ दिलाई।

