लंदन में डॉ. मोहित सत्संगी का परचम, ब्रिटिश संसद व ऑक्सफोर्ड में सम्मान
संवाद
आगरा। ताजनगरी के प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक एवं शिक्षाविद डॉ. मोहित सत्संगी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और आगरा का गौरव बढ़ाया है। लंदन में आयोजित ‘वर्ल्ड होम्योपैथी समिट-4’ के दौरान उन्हें चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ब्रिटिश पार्लियामेंट और विश्व प्रसिद्ध ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में विशेष सम्मान प्रदान किया गया। ब्रिटिश संसद में आयोजित गरिमामयी समारोह में डॉ. सत्संगी को ‘एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में विश्वभर से करीब 100 होम्योपैथिक चिकित्सक शामिल हुए। इसके बाद ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में भी उन्हें ‘ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड’ से नवाजा गया, जहां उन्होंने त्वचा रोगों पर होम्योपैथी के प्रभावी उपचार और उसके वैज्ञानिक पहलुओं पर विस्तृत व्याख्यान दिया।
डॉ. मोहित सत्संगी ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने पिता के आशीर्वाद और संस्थान के सहयोग को देते हुए कहा कि उनका उद्देश्य होम्योपैथी के माध्यम से मानवता की सेवा करना और इस प्राचीन चिकित्सा पद्धति को वैज्ञानिक प्रमाणों के साथ वैश्विक स्तर पर स्थापित करना है। इस अंतरराष्ट्रीय समारोह में इंग्लैंड क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक, इयॉन मॉर्गन, स्टुअर्ट ब्रॉड, जोनाथन ट्रॉट और डेविड गोवर जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी भव्य बनाया। डॉ. सत्संगी को ‘ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड इन होम्योपैथी’ से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि से आगरा के चिकित्सा जगत और नमिनाथ होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज में हर्ष का माहौल है। साथ ही, वे समय-समय पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर समाज सेवा में भी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।