अलीगढ़ की मीट फैक्ट्री में अमोनिया गैस के रिसाव से कई मजदूर बेहोश
आगरा/अलीगढ़- अलीगढ़ की मीट फैक्ट्री में गुरुवार को अमोनिया गैस के अचानक लीक होने से कई कर्मचारी बेहोश हो गए। इनमें महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। बेहोशी हालत में मजदूरों को तत्काल जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
घटना रोरावर थाना इलाके के अल दुआ मीट फैक्ट्री की है। सूचना पर प्रशासन के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गये। और राहत कार्य में जुट गए। जानकारी के अनुसार,अलीगढ़ के रोरावर थाना इलाके के मथुरा बाईपास स्थित अल दुआ मीट फैक्ट्री में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अचानक फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। अमोनिया गैस के रिसाव के बाद फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। कई मरीजों को जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इस घटना में कई बच्चे भी बेहोश हुए हैं। कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर जिला अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह के अलावा एसएसपी कलानिधि नैथानी भी मौके पर पहुंच गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि अल दुआ मीट फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव हुआ है। इसके चलते कई लोग बेहोश हुए हैं। मरीजों को जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया गया है। घटना के पीछे की क्या वजह है, इन तमाम पहलुओं पर जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों के परिजनों से भी संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
व अस्पताल के कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि मरीजों की उचित देखभाल की जाए। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने खुद अस्पताल प्रशासन से बात कर वहां के सारे इंतजाम का जायजा लिया।
दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी
जिला प्रशासन फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य मजदूरों से घटना के संबंध में पूछताछ कर रहा है। साथ ही यह जानने का प्रयास कर रहा है कि फैक्ट्री में जहरीली गैस का कैसे रिसाव हुआ। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। इस काम में पुलिस प्रशासन भी अपना सहयोग दे रहा है। मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
राजेश तौमर-आगरा